दौलत की रेस में अंबानी से आगे अदाणी

दौलत की रेस में अंबानी से आगे अदाणी*
दुनिया के शीर्ष अरबपतियों में शामिल भारत के दो दिग्गज उद्योगपतियों, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी के बीच लंबे समय से रेस जारी है। जहां कोरोना महामारी की शुरुआत से पहले अंबानी टॉप-10 अमीरों की सूची में आगे चल रहे थे, वहीं कोरोना का प्रकोप थमने के बाद अब अदाणी लगातार लंबी छलांग लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। कोरोना महामारी काल की शुरुआत से पहले नजर दौड़ाएं तो मुकेश अंबानी पर ही सबकी निगाहें टिकी हुईं थी, वे लगातार टॉप-10 अरबपतियों की सूची में अपनी उपस्थिति दर्ज कराए हुए थे। दौलत की इस रेस में 65 साल के अंबानी को तमाम दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए नए आयाम छू रहे थे, लेकिन फिलहाल की बात करें तो अडानी ने इस साल की शुरुआत से कमाई करने की जो रफ्तार पकड़ी उसके आगे दुनिया के सबसे अमीर शख्स भी पीछे छूट गए। बीते दिनों आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2022 में कमाई करने के मामले में अदाणी सबसे आगे रहे हैं। जबकि अंबानी इस सूची में खिसककर नौंवें स्थान पर है। हालांकि, वह इस सूची में अपनी उपस्थिति लगातार दर्ज कराए हुए हैं। 59 वर्षीय गौतम अडानी दुनिया के छठे सबसे अमीर व्यक्ति बनने के साथ ही इस साल कमाई के मामले में भी अव्वल रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने 2022 की शुरुआत के बाद से अब तक अपनी संपत्ति में 30 अरब डॉलर का इजाफा किया है। इस तरह किसी भी अन्य उद्योगपति के मुकाबले उनकी संपत्ति में ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। बिलेनियर इंडेक्स के ताजा आंकड़ों के अनुसार, खबर लिखे जाने तक उनकी कुल नेटवर्थ 104 अरब डॉलर है।हालांकि, दुनिया के सबसे अमीर शख्स के मुकाबले उनकी संपत्ति करीब 100 अरब डॉलर कम है। बता दें कि टेस्ला और स्पेसएक्स जैसी कंपनियों के मालिक मस्क की नेटवर्थ 204.5 अरब डॉलर है। यहां बता दें कि अदाणी ने इस साल मुकेश अंबानी से 10 अरब डॉलर ज्यादा कमाई की है।

1155 views