*त्योहारों से पहले राजबाड़ा में यातायात व अतिक्रमण पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की मांग*
*15 व्यापारिक संगठनों ने प्रशासन से सामूहिक बैठक का लिया निर्णय*
इंदौर। आगामी त्योहारों और दीपावली के व्यावसायिक सीजन को देखते हुए राजबाड़ा क्षेत्र के व्यापारियों ने यातायात प्रबंधन तथा सड़क-फुटपाथ पर होने वाले कब्जों के मामले में प्रशासन से ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को सख्ती से लागू करने का आग्रह करने का निर्णय लिया है।
अहिल्या चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्षद्वय हुकुम सोनी अध्यक्ष सराफा सोना चांदी एसोशिएशनएवं कैलाश मुंगड़ मंत्री क्लाथ मार्केट व्यापारी संघ तथा संयुक्त सचिव अक्षय जैन अध्यक्ष इंदौर रिटेल गारमेंट्स एसोशिएशन ने बताया कि राजबाड़ा क्षेत्र के करीब 15 व्यवसायिक संगठनों ने सामूहिक रूप से प्रशासन के साथ बैठक कर इस विषय पर चर्चा करने का निर्णय लिया है।
व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान समय में बाजार आर्थिक मंदी और कमजोर कारोबार से जूझ रहा है। स्थानीय व्यापारी दीपावली और आगामी त्योहारों के सीजन से पिछले घाटे की कुछ भरपाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं। ऐसे समय में यदि सड़क और फुटपाथ पर कब्जे के मामले में प्रशासन किसी दबाव अथवा प्रभाव में आकर ढिलाई बरतता है, तो उसका सीधा असर वर्षों से राजबाड़ा क्षेत्र में कारोबार कर रहे स्थानीय व्यापारियों पर पड़ेगा।
व्यापारी संगठनों का स्पष्ट मत है कि सड़क और फुटपाथ आम नागरिकों के आवागमन के लिए हैं, किसी भी प्रकार के स्थायी अथवा अस्थायी कब्जे के लिए नहीं। प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है तो त्योहारों के दौरान भी उसमें निरंतरता और समानता बनी रहना जरूरी है।
व्यापारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या छोटे व्यापारी के रोजगार को प्रभावित करना नहीं, बल्कि व्यवस्थित बाजार, सुगम यातायात, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ और स्थानीय कारोबार के हितों के बीच संतुलन कायम करना है।
15 व्यापारिक संगठनों का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर यातायात व्यवस्था, फुटपाथ की उपलब्धता, अतिक्रमण तथा त्योहारों के दौरान बाजार प्रबंधन को लेकर विस्तृत सुझाव देगा।
हुकुम सोनी
उपाध्यक्ष, अहिल्या चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज
कैलाश मुंगड़
उपाध्यक्ष, अहिल्या चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज
अक्षय जैन
संयुक्त सचिव, अहिल्या चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज






