अलीगढ़ में मुफ्त राशन के लिए बढ़ाई तिथि, अब 23 तक मिलेगा*
प्रदेश सरकार की तरफ से आवंटित किए जा रहे मुफ्त राशन वितरण की समय सीमा बढ़ा दी गई है। अब जिले में 23 मार्च तक वितरण होगा। अब तक 18 मार्च इसकी अंतिम तिथि थी। नमक की कमी से चलते सुस्त रफ्तार से राशन बंट रहा था। बड़ी संख्या में लोग इसका लाभ नहीं ले पाए थे। ऐसे में अब इसकी तिथि बढ़ा दी गई है।जिले में कुल 1343 राशन की दुकानें हैं। इन सभी दुकानों से करीब साढ़े छह लाख कार्ड धारक राशन लेते हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार की तरफ से इन दिनों महीने में दो बार राशन का वितरण किया जा रहा है। इसमें महीने की शुरुआत में प्रदेश सरकार राशन बांटती है तो दूसरे चरण में केंद्र सरकार राशन देती है। प्रदेश सरकार की तरफ से राशन में गेहूं-चावल के साथ रिफाइंड, चना व नमक का आवंटन भी होता है।पूरे प्रदेश में इसकी आपूर्ति की जिम्मेदारी नेफेड को दे रखी है, लेकिन इस महीने में नेफेड़ की तरफ से जरूरत के हिसाब से कम नमक का आवंटन हुआ है। ऐसे में खाद्य एवं रसद विभाग सभी दुकानों का आवंटन नहीं कर सका है। इसके चलते जिले में दर्जनों दुकानों पर वितरण प्रभावित हो रहा है। नमक न होने के चलते विभागीय अफसरों ने गेहूं, चावल, रिफाइंड व चना के वितरण पर भी रोक लगा रखी है। इसके पीछे अफसरों का मकसद है कि कार्ड धारक को हर सामान का लाभ मिलना चाहिए।






