अब नए नियमों के साथ होगा आईपीएल, एक मैच में आठ डीआरएस, कैच आउट का नियम भी बदला*
आईपीएल 2022 नए नियमों के साथ खेला जाएगा। अब आईपीएल में डीआरएस से लेकर कैच आउट और रन आउट के नियम भी बदल गए हैं। वहीं कोरोना के खतरे को ध्यान में रखते हुए टूर्नामेंट के शेड्यूल में भी बदलाव की गुंजाइश रखी गई है। अगर कोरोना के कारण कोई टीम पूरे 11 खिलाड़ी (जिसमें कम से कम सात भारतीय होने जरूरी हैं) मैदान में नहीं उतार पाती है तो वह मैच फिर से आयोजित कराया जाएगा। अगर बाद में भी मैच का आयोजन नहीं हो पाता है तो यह मामला तकनीकि समिति के पास जाएगा और समिति इस पर फैसला करेगी।आईपीएल में पहले यह नियम था कि अगर कोरोना के कारण कोई मैच नहीं हो पाता है तो इसका फिर से आयोजन किया जाएगा। अगर दूसरी बार भी मैच का आयोजन नहीं हो पाता है तो जो टीम अपने 11 खिलाड़ी मैदान में नहीं उतार पाएगी उसे हारा हुआ मान लिया जाएगा। इसके साथ ही विपक्षी टीम को दो अंक दे दिए जाएंगे। आईपीएल में पहले एक पारी में एक डीआरएस मिलता था। कुल मिलाकर मैच में दोनों टीमों के पास चार डीआरएस होते थे। एक टीम के पास दो डीआरएस होते थे, जिनमें से एक बल्लेबाजी और एक गेंदबाजी के दौरान इस्तेमाल किया जा सकता था। क्रिकबज की खबर के अनुसार अब एक पारी में दो डीआरएस होंगे।इसका मतलब है कि मैच में कुल आठ डीआरएस होंगे। एक टीम के पास चार डीआरएस होंगे। दो का इस्तेमाल बल्लेबाजी और दो डीआरएस का इस्तेमाल गेंदबाजी के दौरान किया जा सकेगा।इसका मतलब है कि एक डीआरएस बर्बाद होने पर भी टीमों के पास एक डीआरएस बचा रहेगा, जबकि पहले ऐसा नहीं था।अब आईपीएल में भी मांकड़िंग को रन आउट की श्रेणी में माना जाएगा। अगर नॉन स्ट्राइक में खड़ा कोई बल्लेबाज गेंद फेंकी जाने से पहले क्रीज छोड़ देता है और गेंदबाज गिल्लियां बिखेर देता है तो उसे रन आउट माना जाएगा।अगर प्लेऑफ या फाइनल मैच टाई हो जाता है और सुपर ओवर नहीं हो पाता है तो अंकतालिका में ऊपर रहने वाली टीम को विजेता घोषित किया जाएगा। हालांकि, अधिकतर टाई मैचों में सुपर ओवर होता है और इसी के जरिए विजेता का एलान होता है। किसी सुपर ओवर के टाई होने की संभावना बेहद कम होती है।






