‘कांग्रेस मुद्दों की राजनीति नहीं, सामाजिक विघटन के षड्यंत्र करती है
कांग्रेस के झूठ और फरेब को बेनकाब करेगा भाजपा विधायक दल
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक में आज सभी विधायकों ने एक सुर से कहा कि पिछड़ा वर्ग के आरक्षण का विषय हो या फिर जनजाति समाज के सम्मान और स्वाभिमान का विषय हो। सभी विषयों पर कांग्रेस का व्यवहार झूठ और फरेब से भरा हुआ है। कांग्रेस मुद्दों पर राजनीति करने की जगह समाज को विघटित और विभाजित करने के षड्यंत्र करती रहती है। पिछले दो दिनों में कांग्रेस के विधायकों ने जो किया है उसमें आश्चर्यजनक कुछ नहीं है क्योंकि यही इनका मूल चरित्र है। भाजपा का एक-एक विधायक पिछड़ा वर्ग आरक्षण तथा जनजाति समाज के मुद्दे पर कमलनाथ और कांग्रेस के झूठ को बेनकाब करेगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए कटिबद्ध हैं और इसके लिए न्यायालयीन प्रक्रिया में पूरी ताकत के साथ सरकार पैरवी करेगी।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने सदैव से अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के साथ धोखा किया है। सन् 1980 में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में श्री शिवभानु सिंह सोलंकी के साथ बहुमत खड़ा हुआ था लेकिन फिर भी कांग्रेस ने श्री अर्जुन सिंह को मुख्यमंत्री बनाया। यह अनुसूचित जनजाति समाज पर अत्याचार नहीं तो और क्या था? इसी प्रकार कोई श्री अरुण यादव से पूछे कि सर्वाधिक विधायकों का समर्थन उनके पिता श्री सुभाष यादव जी के साथ होने के बावजूद श्री दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री कैसे बने?
श्री शिवराज सिंह ने पिछड़ा वर्ग आरक्षण के मुद्दे पर बताया कि पिछड़ा वर्ग समाज कमलनाथ की कांग्रेस का धोखे का शिकार हुआ है। लोकसभा चुनाव को सामने देखते हुए उन्होंने पिछड़ा वर्ग के आरक्षण का शिगूफा छोड़ा और दो दिन बाद ही उसके विरुद्ध याचिका लग गई और ठीक 10 दिन बाद 18 मार्च 2019 को उस पर स्टे हो गया। इस अवधि में कांग्रेस का महाधिवक्ता पक्ष रखने तक न्यायालय नहीं पहुंचा। लेकिन हम कांग्रेस की इस कुटिलता को उजागर भी करेंगे और आरक्षण के प्रयास भी करेंगे।
बैठक में वरिष्ठ मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि हमने मध्यप्रदेश को 15 साल में तीन मुख्यमंत्री दिए और तीनों पिछड़ा वर्ग से दिए हैं। कांग्रेस बताए कि उसने पिछड़े वर्ग के व्यक्ति को मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनने दिया?
मुख्यमंत्री जी ने आगामी 15 नबंवर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजाति गौरव दिवस मनाने की जोरदार तैयारियों का आहृान विधायकों से किया। उन्होंने कहा कि हमें हमारे देश में सभी समाजों के प्रतिमानों को समानता के साथ सम्मान देना है। इसीलिए तो हमने महू में बाबा साहब अंबेडकर के जन्म स्थान को तीर्थ बनाया। हम संत रविदास, कबीर दास, बाल्मिकी कुंभों का आयोजन करते हैं, लेकिन कांग्रेस बताए कि वह अनुसूचित जाति और जनजाति के प्रतिमानों को सम्मान देने के लिए क्या करती है? श्री शिवराज सिंह ने कहा कि हमने सामान्य वर्ग के सम्मान में भी कोई कसर नहीं छोड़ी है। सामान्य वर्ग के निर्धन लोगों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का क्रांतिकारी निर्णय भाजपा की सरकार ने लिया है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में नल-जल योजना, प्रधानमंत्री आवास, उज्जवला योजना सहित समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण की दिशा में तमाम विकास कार्यों का शुभारंभ लगातार होने वाला है। इसलिए सभी विधायक अपने-अपने क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप उसकी तैयारी करें।
बैठक के दौरान मंत्री श्री जगदीश देवड़ा और श्री भूपेन्द्र सिंह ने अपने-अपने विभागों से संबंधित अधिनियमों में संशोधन की जानकारी विस्तार से विधायकों को दी। बैठक का संचालन संसदीय कार्य मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने किया।
(लोकेन्द्र पाराशर)
प्रदेश मीडिया प्रभारी







