*नवागत कलेक्टर ने ली समय-सीमा के प्रकरणों की समीक्षा बैठक*
भिण्ड /नवागत कलेक्टर श्री छोटे सिंह द्वारा आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा के प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जिला पंचायत भिण्ड के सीईओ श्री अनूप कुमार सिंह, एसडीएम भिण्ड श्री एचबी शर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री एमके शर्मा, जिला कोषालय अधिकारी श्री अमित वर्मा, सीएमएचओ डॉ जेपीएस कुशवाह, जिला पेंशन अधिकारी श्री जीके बाथम, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री रामनिवास बुधौलिया, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री एमएस अम्ब, जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती अर्चना परिहार के अलावा विभिन्न विभागो के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे।
नवागत कलेक्टर श्री छोटे सिंह ने समय सीमा के प्रकरणों की समीक्षा बैठक में कहा कि अधिकारी अपने-अपने विभाग के अन्तर्गत लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में निपटाना सुनिश्चित करें। समय-सीमा के बाहर जिन विभागो के प्रकरण लंबित पाए जाएंगे, उन विभाग के अधिकारियों पर लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अन्तर्गत जुर्माने की कार्यवाही की जावेगी। उन्होंने कहा कि लेवल एक से चार तक के प्रकरण जिस स्तर पर लंबित है उस स्तर पर डिस्पोजल की कार्यवाही की जाए।
नवागत कलेक्टर श्री छोटे सिंह ने कहा कि शहर में देखने में आया है कि गली मोहल्लो में गंदगी एवं सडक पर पानी भरा हुआ है। जिस कारण शहर के अन्दर काफी मात्रा में मच्छरों का प्रकोप बढ रहा है। उन्होंने सीएमओ नगर पालिका भिण्ड श्री जेएन पारा को साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हैल्पलाईन के प्रकरण काफी मात्रा में लंबित है। उनका निराकरण शीघ्र करना सुनिश्चित करें। यदि प्रकरण कोर्ट में लंबित है और वह निराकरण योग्य नहीं है। उस पर स्पष्ट रूप से लिखना चाहिए कि प्रकरण कोर्ट में लंबित होने के कारण निराकरण नहीं हो पा रहा है।
नवागत कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि किस-किस विभाग में कौन-कौन सी हितग्राहीमूलक योजनाऐं संचालित की जा रही है। उनकी तीन स्लाईडो में मुझे जानकारी उपलब्ध कराए। कृषि विभाग के उप संचालक से खाद के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिस पर उप संचालक कृषि ने कहा कि जिले की 6 ब्लॉको में डबल लॉक से कैश पर खाद का वितरण कराया जा रहा है। वर्तमान में दो हजार मैट्रिक टन खाद उपलब्ध है। जिस पर नवागत कलेक्टर ने कहा कि किसानों को खाद वितरण में किसी भी प्रकार की परेशान न हो, ऐसी व्यवस्था की जाए। नवागत कलेक्टर ने जिला आपूर्ति विभाग, सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी, सीएमएचओ, शिक्षा विभाग, खजिन विभाग के अन्तर्गत संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और आमजन को लाभ देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।






