अलीगढ़ के दर्जन भर से ज्यादा लोग एटीएस के रडार पर

धर्मांतरण : अलीगढ़ के दर्जन भर से ज्यादा लोग एटीएस के रडार पर
धर्मांतरण के तार अलीगढ़ से जुड़ने के बाद एटीएस की टीमें जिले में डेरा डाले हुए हैं। एएमयू समेत अन्य स्थानों पर टीमें छापेमारी कर अहम सुराग जुटा रही हैं। अलीगढ़ के दर्जन भर से ज्यादा लोग एटीएस के निशाने पर आ गये हैं।धर्मांतरण का खेल रचने वाले उमर गौतम के तार एएमयू से जुड़े हैं। उमर गौतम व आदित्य से पूछताछ के आधार पर सामने आया कि अलीगढ़ के भाई-बहन व माली का धर्मांतरण कराया गया है। भाई बहन के धर्मांतरण की बात तो स्पष्ट हो चुकी है, लेकिन माली के धर्मांतरण की बात अभी खुलकर सामने नहीं आ सकी। एटीएस की टीम एएमयू के लैंड एंड गार्डन डिपार्टमेंट पहुंचकर माली से पूछताछ कर चुकी है। वहीं माली के घर पर एटीएस की टीम पहुंची है। वहां उसकी मां व अन्य लोगों से पूछताछ के साथ कुछ दस्तावेज भी लिये हैं। एटीएस की टीमें अब अलीगढ़ में उमर गौतम के कनेक्शन तलाश रही हैं। उमर गौतम एएमयू आ चुका है और छात्रों के एक कार्यक्रम को संबोधित भी कर चुका है। वह कार्यक्रम किसने आयोजित किया था और उसमें उमर गौतम को किसने बुलाया था, इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो सकी है। उमर गौतम की एएमयू के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फोटो वायरल हो रही है।सूत्रों की मानें तो एटीएस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। टीमें उस पर काम कर रही है। स्थानीय पुलिस की मदद भी ली जा रही है। वहीं खुफिया एजेंसियों की रडार पर अलीगढ़ के दर्जन भर से ज्यादा लोग आ गये हैं। जिनका उमर गौतम से कनेक्शन निकलकर सामने आ रहे हैं। खुफिया एजेंसियां अलीगढ़ में डेरा डाले हुए हैं। विभिन्न पहलुओं पर टीमें जांच पड़ताल कर रही है।

1643 views