ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का हुआ समापन, पीएम मोदी बोले- दुनिया सिर्फ वादे नहीं, नतीजे चाहती है

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का हुआ समापन, पीएम मोदी बोले- दुनिया सिर्फ वादे नहीं, नतीजे चाहती है*
18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का रविवार को समापन हो गया। समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी सदस्य देशों के नेताओं और प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में सामने आए विचारों और सुझावों से ब्रिक्स सहयोग को नई मजबूती मिली है और संगठन की बढ़ती प्रासंगिकता, खुलेपन तथा समावेशिता सामने आई है। पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया में बढ़ता तनाव, महामारी, जलवायु आपदाएं और सप्लाई चेन में रुकावटें यह दिखाती हैं कि किसी एक क्षेत्र का संकट दूसरे देशों को भी प्रभावित कर सकता है। ऐसे में देशों को संकटों से निपटने के लिए पहले से तैयारी और आपसी सहयोग बढ़ाने की जरूरत है। इसी दिशा में संक्रामक बीमारियों से निपटने के लिए ‘ब्रिक्स इंटीग्रेटेड अर्ली वार्निंग सिस्टम’ बनाने पर सहमति बनी है। भारत की अध्यक्षता में छोटे उद्यमों को ज्ञान, वित्त और नए बाजारों से जोड़ने के लिए ब्रिक्स एमएसएमई कोऑपरेशन पोर्टल की पहल की गई। शहरों के बीच बेहतर व्यवस्थाओं और अनुभवों को साझा करने के लिए ब्रिक्स अर्बन मोबिलिटी हब की स्थापना की गई। स्मार्ट ग्रिड और ऊर्जा भंडारण के लिए ब्रिक्स डिजिटल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा टिकाऊ कृषि और जलवायु अनुकूलन से जुड़ी पहलों पर भी जोर दिया गया। वहीं, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अंतरराष्ट्रीय मामलों में निष्पक्षता और न्याय की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि नियम सभी देशों की भागीदारी से बनने चाहिए और सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए। सम्मेलन के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली समेत कई विदेशी नेता भारत से रवाना हो गए।

0 views