अंतरराष्ट्रीय नियम सभी देशों की भागीदारी से बनें : शी जिनपिंग*
18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने वैश्विक दक्षिण की एकजुटता और बहुपक्षीय व्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नियम सभी देशों की भागीदारी से बनने चाहिए और सभी देशों पर समान रूप से लागू होने चाहिए। शी ने संप्रभु समानता, आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान को जरूरी बताया। शी जिनपिंग ने कहा कि बिना नियमों वाली दुनिया ट्रैफिक सिग्नल रहित चौराहे जैसी होगी, जहां अराजकता तय है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और बहुपक्षवाद को मजबूत करने के साथ विकासशील देशों की वैश्विक संस्थाओं में भागीदारी बढ़ाने की जरूरत बताई। जलवायु परिवर्तन से निपटने और पेरिस समझौते को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया। ब्रिक्स सहयोग को मजबूत करने के लिए शी ने एआई, व्यापार एवं निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और तकनीकी प्रतिभा विकास से जुड़ी पांच पहल का प्रस्ताव रखा। उन्होंने एआई के लिए ओपन सोर्स सहयोग, साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म और इंजीनियर विकास गठबंधन जैसी पहलों की बात कही। शी ने कहा कि तकनीकी विकास का लाभ साझा समृद्धि के लिए उठाया जाना चाहिए।






