कोरोना की मुश्किल घड़ी में सऊदी अरब ने निभाया साथ, भारत लाई जा रही 80 मीट्रिक टन ऑक्सीजन

कोरोना की मुश्किल घड़ी में सऊदी अरब ने निभाया साथ, भारत लाई जा रही 80 मीट्रिक टन ऑक्सीजन

भारत में बीते कुछ दिनों से रिकॉर्ड संख्या सामने आ रहे कोरोना वायरस के मामलों के बीच कई अस्पतालों में ऑक्सीजन की भारी कमी देखी गई है. कई जगह तो मरीजों ने ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण दम तोड़ दिया है. इस मुश्किल घड़ी में सऊदी अरब ने भारत का साथ दिया है और अब वहां से 80 मीट्रिक टन लिक्विड ऑक्सीजन (Liquid Oxygen) भारत लाई जा रही है. रविवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में महज 24 घंटों के भीतर ही रिकॉर्ड 3,49,691 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि एक दिन में ही 2,767 मरीजों की मौत हो गई है.

अब भारत में कुल मामलों की संख्या 1,69,60,172 हो गई है, जबकि मृतकों की कुल संख्या 1,92,311 है (India Coronavirus Situation). अडानी समूह और लिंदे कंपनी के सहयोग से ये ऑक्सीजन जहाज से भारत के लिए रवाना हो चुकी है. रियाध में भारतीय दूतावास ने ट्वीट कर बताया है, ‘भारत की जरूरत के मद्देनजर 80 मीट्रिक टन लिक्विड ऑक्सीजन भेजने में अडानी समूह और मेसर्स लिंडे के बीच सहयोग से भारतीय दूतावास को गर्व है. सऊदी अरब के स्वस्थ्य मंत्रालय (Saudi Arabia Health Ministry) को उनकी मदद, सहयोग और सहायता के लिए हार्दिक धन्यवाद.’

1916 views