धूप करा रही गर्मी का अहसास, अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी
पानीपत. पानीपत में बीते दो दिनों से सुबह से ही खिल रही तेज धूप फरवरी में गर्मी का अहसास करा रही है। दोपहर होते-होते गर्म कपड़े चुभने लगते हैं। मौसम साफ होने और धूप के कारण अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। बुधवार को सुबह 10 बजे तक अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने और अरब सागर से नमी न मिलने के कारण बीते दो दिनों से कोहरा नहीं छा रहा है। पानीपत में बीते दिनों से सुबह से ही तेज धूप निकल रही है। सुबह से ही सूर्यदेव के तेवर गर्म नजर आ रहे हैं। जिस कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। सर्द हवाओं की रफ्तार भी घटकर 11 किलोमीटर प्रतिघंटा रह गई है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. DP दुबे ने बताया कि इस सप्ताह अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। शुक्रवार तक मौसम साफ रहने और शनिवार व रविवार को बादल छाने के साथ बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं। शनिवार से मौसम बदलने और एक बार फिर सर्दी के लौटने की संभावना है। हालांकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आने का अनुमान है।






