पटेल ने गिरिराज प्रभु का पंचामृत से अभिषेक किया, गोल्फ कार्ट से लगाई परिक्रमा

पटेल ने गिरिराज प्रभु का पंचामृत से अभिषेक किया, गोल्फ कार्ट से लगाई परिक्रमा
मथुरा.उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बुधवार को मथुरा में गोवर्धन पहुंचीं। जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध दानघाटी मंदिर पहुंचकर गिरिराजजी महाराज के दर्शन किए। इसके बाद गिरिराज प्रभु का पंचामृत से अभिषेक किया। उसके बाद उन्होने गोल्फ कार्ट में बैठकर सात कोसीय गिरिराज परिक्रमा लगाई। दो दिवसीय मथुरा प्रवास के दूसरे दिन राज्यपाल आनंदी बेन ने गोवर्धन व बारसाने में पूजा अर्चना की।
सेवायतों ने कराई पूजा अर्चना
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल सुबह हैलीकाप्टर द्वारा मथुरा से गोवर्धन के डीएवी इंटर कॉलेज ग्राउंड मे बने हैलीपैड पर उतरीं। जहां DM नवनीत चहल व SSP डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने राज्यपाल की अगुवानी की। इसके बाद राज्यपाल हैलीपैड से भारी सुरक्षा के बीच कार द्वारा प्रसिद्ध गिरिराज दानघाटी मंदिर पहुंचीं। जहां उन्होंने गिरिराज शिला का जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। मंदिर पर सेवायत राजकुमार शर्मा व देवेन्द्र शर्मा ने मंत्रोच्चारो के साथ गिरिराज की पूजा कराई। सेवायत मथुरा प्रसाद कौशिक ने राज्यपाल को गिरिराज जी का दुपट्टा ओढाकर स्वागत किया।
मंदिर कार्यालय में प्रशासनिक समिति के मुनीम अशोक कौशिक व सुपरवाइजर हीरालाल कौशिक ने राज्यपाल को ठाकुर जी की इकलाई ओढाकर प्रसाद भेंट किया तो व्यापारी नेता गणेश पहलवान व सामाजिक कार्यकर्ता मनीष लंबरदार ने मथुरा गोवर्धन रोड पुनर्निर्माण एवं वन चेतना केंद्र बनाए जाने की मांग करते हुए उन्हें एक ज्ञापन सौपा। मंदिर पर पूजा अर्चना उपरांत राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने गोल्फ कार्ट में सवार होकर गिरिराज सात कोसीय परिक्रमा लगाई।
डॉक्टर विनोद ने पौराणिक स्थलों से कराया रूबरू
इस दौरान राज्यपाल आनंदी बेन ने जतीपुरा मुखारविंद मंदिर व मानसी गंगा मुकुट मुखारविंद मंदिर पर गिरिराज पूजा अर्चना की। मानसी गंगा मंदिर पर रिसीवर रमाकांत गोस्वामी ने राज्यपाल का स्वागत किया। राज्यपाल को गोवर्धन की महिमा व पौराणिक स्थलों से रूबरू कराने के लिए समाजसेवी व साहित्यकार डा. विनोद दीक्षित गोल्फ कार्ट में साथ रहे। राज्यपाल के आगमन से पूर्व पुलिस प्रशासन ने यातायात को चारो तरफ से रोक दिया तथा दुकान बंद करवा दी। राज्यपाल की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए NIA टीम ने समूचे मंदिर परिसर सहित आफिस की गहन तलाशी ली।

1604 views