स्‍टैचू ऑफ यूनिटी के टिकट से मिले ₹5 करोड़ हुए गायब, FIR दर्ज शुरू की जांच

स्‍टैचू ऑफ यूनिटी के टिकट से मिले ₹5 करोड़ हुए गायब, FIR दर्ज शुरू की जांच

सरदार पटेल की प्रतिमा स्टैचू ऑफ यूनिटी की टिकट बिक्री से जमा पैसों के गबन का मामला सामने आया है. स्टैचू ऑफ यूनिटी के टिकट का पैसा जमा करने वाली एजेंसी के कुछ कर्मचारियों पर आरोप है कि उन्होंने नवंबर 2018 से मार्च 2020 के बीच 5.24 करोड़ रुपये बैंक में जमा ही नहीं किए. मामले सामने आने के बाद गुजरात पुलिस ने एफआईआर दर्जकर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस उपाधीक्षक वाणी दूधत ने जानकारी दी है कि स्टैचू ऑफ यूनिटी के नाम से एक बैंक में 2 खाते हैं. बैंक ने नर्मदा जिले के के​वडिया में बनी सरदार पटेल की सबसे ऊंची मूर्ति को देखने आने वालों से मिलने वाली टिकट की राशि को बैंक में जमा कराने के लिए एक एजेंसी की सेवाएं ली थीं. जांच में पता चला है कि एजेंसी के कर्मचारियों ने नवंबर 2018 से मार्च 2020 के बीच बैंक में करीब 5,24,77,375 रुपये की राशि जमा ही नहीं की.

मामले की जानकारी मिलने के बाद बैंक के प्रबंधक ने सोमवार रात केवडिया पुलिस थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने एजेंसी के कुछ कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है. हालांकि बैंक ने स्टैचू ऑफ यूनिटी के खाते से गायब हुई रकम जमा करा दी है. बैंक प्रबंधन से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि यह बैंक और एजेंसी के बीच का मामला है.

1699 views