डीआइजी कार्यालय में प्रदर्शन करने पर जीतू पटवारी, शुक्ला, पटेल सहित 21 पर नामजद एफआइआर
कांग्रेस समर्थक बबलू यादव पर जानलेवा हमले की धारा लगाए जाने पर डीआइजी ऑफिस में प्रदर्शन करने पर छोटी ग्वालटोली थाना पुलिस ने पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू, शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, सहित 21 लोगों पर नामजद एफआइआर दर्ज कर ली है। इनमें अन्य नाम कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव, सत्यनारायण पटेल, अमन बजाज, शैलेष गर्ग, दीपू यादव, देवेंद्र यादव, अनवर कादरी, रफीक खान, सर्वेश तिवारी, दौलत पटेल, चिंटू चौकसे, अनवर दस्तक, अभिषेक करोसिया, शैलू सेन, पंकज संघवी, दिलीप सुरागे भी शामिल हैं। इनके सहित करीब 200 के विरुद्ध धारा 188, 269 और 52 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। टीआइ संजय शुक्ला के मुताबिक आरोपित कांग्रेस नेता बगैर अनुमति विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे और कलेक्टर के आदेशों का उल्लंघन किया। प्रदर्शनकारियों ने न तो मास्क लगाए और न शारीरिक दूरी का पालन किया। वीडियो फुटेज के आधार पर 21 को नामजद आरोपित बनाया गया है।






