टी पी एस भदौरिया को किया “द विजया राजे सिंधिया अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस “से सम्मानित
- परिवहन विभाग में आरटीआई के पद पर दे रहे हैं सेवाएं, समाज सेवा के कार्यों में रहते हैं अग्रणी
भोपाल। ग्वालियर के एएमआई शिशु मंदिर स्कूल ने पूर्व छात्र तरुण पाल सिंह भदौरिया को द विजयाराजे सिंधिया अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित किया है। स्कूल प्रबंधन ने स्थापना के 75वें हीरक जयंती वर्ष के अवसर पर स्वर्गीय विजयाराजे सिंधिया की जन्मशताब्दी मनाते हुए इस अवार्ड की घोषणा की है।
श्री भदौरिया इस समय परिवहन विभाग में सेवाएं दे रहे हैं और आरटीआई के पद पर पदस्थ हैं। इन्होंने वर्ष 1988 में स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद से अभी तक लगातार स्कूल से जुड़ाव बनाए रखा है। वे विद्यालय के १०+२ शिक्षा प्रणाली के प्रथम बैच के छात्र रहते हुए सन ८६ से ८८ तक लगातार दो वर्ष निर्वाचित अध्यक्ष रहे। स्कूल से पास आउट होने के पश्चात भी उनका जुडाव निरंतर जारी है। वे वर्तमान में पूर्व छात्र संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष रहते हुए विद्यालय की हरेक रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। स्कूल प्रबंधन ने भदौरिया की इन्हीं गतिविधियों को देखते हुए इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड हेतु चुना है। साथ ही इनको दिए अवार्ड में उल्लेख किया है कि वह स्कूल समय में बॉडी बिल्डिंग के शौकीन रहे हैं। इसके अलावा ड्रामा, सिंगिंग और कल्चरल कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर स्कूल का नाम रोशन करते रहे हैं। श्री भदौरिया हार्ले डेविडसन मोटरसाइकिल ग्रुप के सक्रिय सदस्य हैं। पिछले वर्ष अपने इस साहसिक गतिविधियों के शौक के अन्तर्गत वो पहले हार्ले डेविडसन ग्रुप के सदस्य रहे जिन्होंने लेह लद्दाख/खारदुंगला टॉप को अपनी बाइक से नापा। विभाग में शिवपुरी, भिंड, बड़वानी, झाबुआ व राजगढ़ जिले में पदस्थापना के दौरान रिकॉर्ड राजस्व वसूल करने पर अनेकानेक बार विभाग द्वारा सम्मानित किए गए। तरुण पाल सिंह भदौरिया सामाजिक कार्यों में विशेष रुचि रखते हैं। इनके द्वारा गरीब बच्चों की पढ़ाई एवम् गरीब कन्याओं के विवाह कराने समेत अन्य सामाजिक कार्य में बढ़ चढ़ कर सहयोग किए जाते रहे हैं। अपने इन्हीं कार्यों की वजह से प्रदेश में इनकी अलग ही पहचान स्थापित है।







