*फीवर क्लिनिकों की सफलता का प्रत्यक्ष प्रमाण——लगातार बढ रही ओपीडी संख्या*
*ओपीडी संख्या पहुँची 30 हज़ार के ऊपर*
इंदौर 17 जून, 2020
कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम एवं अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीज़ों को इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खोले गए फीवर क्लीनिकों में ओपीडी अर्थात आउट पेशेंट डिपार्टमेंट की संख्या 30 हजार 455 हो गई है। यह संख्या फीवर क्लिनिकों की सार्थकता एवं सफलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। कलेक्टर श्री मनीष सिंह के निर्देशानुसार 25 मई, 2020 से फ़ीवर क्लिनिकों का संचालन शुरू किया गया था। रोज़ाना सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक संचालित हो रही इन क्लिनिकों के माध्यम से 16 जून 2020 तक कुल २४९ मरीज़ों को होम आइसोलेशन रेफर किया गया है।
फीवर क्लिनिकों के माध्यम से कोविड-19 संक्रमण के संदिग्ध व्यक्तियों को भी लगातार अस्पताल रेफ़र किया जा रहा है। जिससे संक्रमण को रोकने में सहायता मिल रही है, साथ ही संबंधित व्यक्तियों को सही समय पर इलाज भी मिल रहा है। फीवर क्लिनिकों में मुख्य रुप से आईएलआई अर्थात इन्फ्लूएंजा लाइक इल्नेस जिसमें सर्दी, खासी, जुखाम के लक्षण होते हैं, ऐसे व्यक्तियों का उपचार किया जा रहा है। इसके साथ-साथ यहां डायबिटीज, हायपरटेंशन, अस्थमा, ह्रदय से संबंधित रोग के मरीज भी आ रहे है। फीवर क्लिनिक आ रहे सभी व्यक्ति जिला प्रशासन एवं कलेक्टर श्री मनीष सिंह की इस पहल को लेकर अत्यंत खुश हैं कि उन्हें उनके घर के नजदीक और नि:शुल्क रुप से इलाज मुहैया कराया जा रहा है।






