*क्राईम ब्रांच एवं तिरला पुलिस ने फरार इनामी बदमाश को चोरी की बोलेरो सहित पकड़ा*
धार। जिलें में चोरी, लूट, डकैती की बढती घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं लंबे समय से चोरी, लूट, डकैती में फरार चल रहे इनामी बदमाशों की धडपकड़ करने के लिए पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ने निर्देश दिए थे। क्राईम ब्रांच प्रभारी संतोष पाण्डेय को मुखबिर से सूचना मिली कि हाइवे रोड़ पर कील लगाकर राहगीरों के वाहनों को पंचर कर, डकैती के केस में फरार ईनामी बदमाश धोधू पिता सरदार अमलियार निवासी ग्राम खरबारी, एक सफेद रंग की चोरी की बोलेरो नम्बर MP11C2898 सेसरदारपुर से तिरला की ओर आ रहा है।
मुखबिर की सूचना पर
क्राईम ब्रांच टीम एवं थाना तिरला की टीम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए तिरला फाटे फोरलेन रोड़ पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। कुछ ही देर में मुखबिर द्वारा बताये हुए सफेद रंग की महेन्द्रा बोलेरो आती दिखाई दी, जिसे रोड़ पर लगे स्टापर व टीम द्वारा घेराबंदी कर रोका गया, तथा गाडी में बैठे व्यक्ति से नाम पता पूछते उसने अपना नाम धोधू पिता सरदार अमलियार जाति भील उम्र 26 साल निवासी ग्राम खरबारी थाना तिरला जिला धार बताया। बोलेरो वाहन के कागज मांगे नही होना बताया, तथा घबराकर कभी कुछ- कभी कुछ बताने लगा। टीम द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बोलेरो वाहन को छोटा उदयपुर गुजरात से चुराना बताया। आरोपी को मय बोलेरो वाहन के थाना तिरला लाया गया तथा बोलेरो वाहन को जप्त किया गया। पुलिस द्वारा थाना छोटा उदयपुर (गुजरात) पुलिस को सूचना दे दी गई है। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चिकलिया फाटे के पास एक बस में रापी लगाकर डकैती डालना कबूल किया। आरोपी धोंधू विगत 6 वर्ष से ही फरार चल रहा था, जिसे पकड़ने हेतु थाना तिरला पुलिस द्वारा हरसंभव प्रयास किये, किन्तु आरोपी शातिर होकर अपने रहने का स्थान बदल रहा था, जिससे आरोपी पुलिस की गिरफ्त से लगातार बाहर चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक, इन्दौर रेंज(ग्रामीण) महोदय द्वारा आरोपी धोंधू अमलियार की गिरफ्तारी पर 20,000/- रू. नगद ईनाम की घोषणा की थी।
चोरी की बोलेरो वाहन के संबंध में आरोपी धोंधू से थाना प्रभारी तिरला सवाई सिंह नागर, एवं धार क्राईम ब्रांच प्रभारी संतोष पाण्डेय, द्वारा लगातार पूछताछ की जा रही है। जिससे ओर भी कई चोरी के वाहनो का खुलासा होने की पूर्ण संभावना है।






