कोरोना के चलते भोपाल में हुई चिकित्सा उपकरणों की कमी, कई गुना बढ़े दाम

कोरोना के चलते भोपाल में हुई चिकित्सा उपकरणों की कमी, कई गुना बढ़े दाम

भोपाल । चीन में फैले कोरोना वायरस का व्यापक असर अब मप्र की राजधानी भोपाल में भी दिखने लगा है। हालात यह हो गए हैं कि उपकरणों की खरीदी के लिए पांच गुना तक दामों का भुगतान करना पड़ रहा है। इसकी बड़ी वजह है चीन से आने वाले उपकरणों व कच्चे माल की आपूर्ति का बंद हो जाना। यही वजह है कि राजधानी में कई अहम चिकित्सा उपकरणों की कमी हो गई है। जिसका व्यापारियों द्वारा दाम बढ़ाकर मुनाफखोरी की जा रही है। खास बात यह है कि बुखार नापने का डिजिटल थर्मामीटर तक दोगुने दामों में लोगों को खरीदना पड़ रहा है। इसी तरह से बच्चों का बुखार नापने के काम आने वाला इंफ्रारेड थर्मामीटर, पल्स ऑक्सीमीटर, एक्जामिनेशन ग्लब्स और ग्लूकोमीटर की कीमतों में भी दोगुनी वृद्धि कर दी गई है। हालात यह हो गए हैं कि अधिकतर थोक व्यापारियों के पास यह उपकरण समाप्त हो चुके हैं। जिनके पास यह हैं तो वे उन्हें तीन से चार गुना दामों पर बेच रहे हैं। दवा कारोबारी वीरेंद्र जैन के मुताबिक जो उपकरण चीन की जगह दूसरे देशों से आते हैं या फिर उनका उत्पादन भारत में ही होता है, उनके महंगे होने की वजह है, उनकी चीन के अलावा ग्लोबल मांग मेें कई गुना वृद्धि होना। ऐसे में कंपनियां महंगे दामों में उनका निर्यात कर रही हैं।
मांग बढऩे से मास्क की कीमत हुई पांच गुना
कोरोना वायरस की आंशका के चलते राजधानी में मेडिकल फेस मास्क की कीमतों में 5 गुना तक की वृद्धि हो चुकी है। इसकी वजह है यहां से भी फेस मास्क का चीन भेजा जाना। वहां इसकी बहुत अधिक मांग है। मेडिकल उपकरण के सप्लायर अमित सिंह के मुताबिक मुंबई और दिल्ली के सप्लायर नया स्टॉक भेजने की जगह जमा स्टॉक वापस मांग रहे हैं। इसी के चलते तीन रुपए में मिलने वाला मास्क अब 20 रुपए में मिल रहा है।
दवाओं पर भी पड़ सकता है असर
दवा कारोबारियों के मुताबिक जीवन रक्षक दवाओं के दामों में अभी वृद्धि नहीं हुई है। इसकी वजह है अभी स्थानीय बाजार में इनका भरपूर स्टॉक होना। नए ऑर्डर इस माह के अंत तक आने हैं। इनमें दवाएं कम आईं तो दामों में तेजी से वृद्धि संभावित है। भोपाल केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के ललित जैन के मुताबिक मेडिकल उपकरणों के दामों में वृद्धि हुई है। चीन के साथ कुछ अन्य कारक भी इसके लिए जिम्मेदार हैं। दवाओं पर असर अभी नहीं दिख रहा, लेकिन संकट लंबा चला तो उनके दामों पर भी इस संकट का असर हो सकता है।

1580 views