19.82 करोड़ का नकली चेक देने के आरोप में महिला-पुरुष गिरफ्ता

19.82 करोड़ का नकली चेक देने के आरोप में महिला-पुरुष गिरफ्तार

बैतूल .शहर के एक ज्वेलर्स से 50 किलो सोना खरीदने के बदले 19 करोड़ 82 लाख का नकली चेक देने के मामले का खुलासा हुआहै। ज्वेलर्स को शक होने पर चेक की जांच एसबीआई की मुख्य ब्रांच से की तो चेक नकली निकला। ज्वेलर्स की सूचना पर पुलिस ने महिला सहित एक अन्य युवक काे गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य साथी की तलाश कर रही है। पुलिस धोखाधड़ी का केस दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ कर रही है।शहर के कोठीबाजार क्षेत्र में जेवर ज्वेलर्स की दुकान पर मंगलवार को इंदौर निवासी प्रिया गुप्ता तथा श्याम वर्मा पहुंचे।

दोनों ने कहा उन्हें 50 किलो सोना खरीदना है। यह सोना विनोद शास्त्री निवासी उज्जैन के लिए खरीदना बताया। महिला ने ज्वेलर्स संचालक ईशान जायसवाल से कहा कि दुकान में जितना सोना है, वह दे दें और पहले पेमेंट ले ले। इसके लिए महिला ने ज्वेलर्स संचालक को 19 करोड़ 82 लाख का चेक दे दिया। दुकानदार को शक होने पर ज्वेलर्स संचालक ने एसबीआई की मुख्य ब्रांच में चेक की पड़ताल की। महिला द्वारा दिया चेक यूपी के सहकारी बैंक से जारी किया था।
बैंक अकाउंट में तो पर्याप्त बैलेंस था, लेकिन यह चेक नकली था। असलियत सामने आते ही दुकानदार ईशान जायसवाल ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली टीआई राजेंद्र धुर्वे ने बताया मामले की पड़ताल करने पर प्रिया गुप्ता तथा श्याम वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। इस मामले में विनोद शास्त्री निवासी उज्जैन की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया यह चेक लखनऊ का है। इसकी पड़ताल की जा रही है।

1407 views