*आज दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी की धन्यवाद रैली, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा*
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में राजधानी सहित देशभर में चल रहे विरोध-प्रदर्शन के बीच कड़ी सुरक्षा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को रामलीला मैदान में धन्यवाद रैली को संबोधित करेंगे। उधर, आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर शनिवार को रैली स्थल को एसपीजी ने अपने कब्जे में ले लिया है। खुफिया एजेंसियों का कहना है कि जैश-ए-मोहम्मद ने अपने कुछ आतंकियों को दिल्ली भेज दिया है। इसे लेकर पूरी राजधानी में अलर्ट जारी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। जगह-जगह बेरीकेड लगाकर वाहनों की तलाशी ली जा रही है।
प्रधानमंत्री दोपहर 12:40 बजे रामलीला मैदान पहुंचेंगे। रैली दिल्ली की 1731 अनाधिकृत कॅालोनियों में रहने वाले 40 लाख लोगों को मालिकाना हक दिए जाने पर प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताने के लिए की जा रही है। इसके लिए मैदान में 80/40 फुट का बड़ा स्टेज बनाया गया है।
मंच पर 30 प्रमुख नेता, जिसमें केंद्रीय मंत्री, चुनाव प्रभारी, प्रदेश भाजपा प्रभारी, सांसद, मेयर समेत अन्य प्रदेश प्रभारी बैठेंगे। स्टेज के दोनों तरफ बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी।
अनधिकृत कॉलोनियों के लोगों को मालिकाना हक देने के लिए 11 लाख हस्ताक्षर करवाए गए हैं, जो पत्र के रूप में पीएम को सौंपे जाएंगे। रैली में प्रधानमंत्री के अलावा एनडीए से जुड़े अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे रामलीला मैदान और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
2120 views





