*महाराष्ट्र मामले पर सुप्रीम कोर्ट में कल फिर होगी सुनवाई, आज नहीं दिया कोई आदेश*
*सभी पक्षों को नोटिस जारी-वो दस्तावेज पेश किए जाएं जिसके आधार पर राज्यपाल ने फड़नवीस व पवार को शपथ दिलाई*
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में भाजपा के देवेंद्र फड़नवीस को मुख्यमंत्री पद की एवं एनसीपी के अजीत पवार को उप मुख्यमंत्री पद की आनन-फानन में शपथ दिलाए जाने के खिलाफ कांग्रेस, एनसीपी व शिवसेना की ओर से दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट के तीन जजों एनवी रमन्ना, अशोक भूषण व संजीव खन्ना की बेंच ने आज रविवार के दिन विशेष रूप से सुनवाई करते हुए आदेश दिया कि तुषार मेहता कल सुबह तक वो दस्तावेज पेश करें जिसके आधार पर राज्यपाल ने देवेंद्र फडणवीस व अजीत पवार को शपथ दिलाई। अब इस मामले में कल सुबह साढ़े दस बजे सुनवाई होगी। कोर्ट ने सभी पक्षों को नोटिस जारी किया।
महाराष्ट्र के राज्यपाल की तरफ से कोर्ट में अटार्नी जनरल वेणुगोपाल ने पक्ष रखा। महाराष्ट्र भाजपा की ओर से वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने पक्ष रखा जबकि कांग्रेस-एनसीपी की तरफ से मनु सिंघवी व कपिल सिब्बल ने बहस की। तुषार मेहता एवं शिवसेना सांसद गजानन कीर्तिकार भी कोर्ट में उपस्थित थे। कांग्रेस, एनसीपी एवं शिवसेना की ओर से महाराष्ट्र में 24 घंटे के अंदर सदन में बहुमत साबित किए जाने का आदेश दिए जाने की मांग की गई थी।






