*दीपोत्सव / अयोध्या में 5.51 लाख दीये जलाए गए*
अयोध्या . भगवान राम की नगरी अयोध्या में पिछले चार दिन से दीपोत्सव मनाया जा रहा है। शहर में शनिवार शाम को 14 जगहों पर 5.51 लाख दीये जलाए गए। इस आयोजन को गिनीज रिकॉर्ड में शामिल किया जा सकता है। सरयू के किनारे राम की पैड़ी पर ही 4 लाख दीप प्रज्ज्वलित हुए। दीपों की लौ में भगवान राम के दर्शन कराए गए।
दीपोत्सव में अयोध्या में राम के जीवन वृतांत को दर्शाती 11 झाकियों की शोभायात्रा निकाली गईं। इसमें लंका विजय कर लौटे श्रीराम की वापसी का दृश्य दिखाया गया। शोभायात्रा को फिजी की डिप्टी स्पीकर वीना कुमार भटनागर ने हरी झंडी दिखाई।
5 देशों के कलाकार रामलीला करेंगे
दीपोत्सव में भारत, नेपाल, श्रीलंका, इंडोनेशिया और फिलीपींस के कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे। इसके साथ 22 सांस्कृतिक रथों को भी तैयार किया गया है। दीपोत्सव के प्रभारी आशीष मिश्र के मुताबिक, कार्यक्रम की तैयारी हो चुकी है।






