पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आदमपुर छावनी में की घोषणा, बूचड़खाना की जगह बनेगी गौशाला।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद दिग्विजय सिंह आज आदमपुर छावनी के अर्जुन नगर पहुंचे। भोपाल नगर निगम कमिश्नर विजय दत्ता व तहसीलदार शैलेश दुबे व एसडीएम राजकुमार खत्री मौके पर उपस्थित थे। श्री सिंह ने क्षेत्र के रहवासियों से चर्चा की। ग्रामीण संघर्ष मोर्चा के प्रशांत ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को क्षेत्र में बूचड़खाना और कचड़े की खंती की वजह से होने वाली समस्याओं से अवगत कराया। क्षेत्रीय नागरिक योगेन्द्र सिंह परिहार व पार्षद मनीष यादव ने बताया कि आदमपुर पठार स्थित कचड़े की खंती की वजह से पीने का पानी प्रदूषित हो जाता है व कचड़े की वजह से बड़ी बड़ी मक्खियों ने क्षेत्र में डेरा डाल रखा है जिससे भोजन करना भी दूभर हो जाता है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कमिश्नर नगर निगम से भी जानकारी ली और अधिकारियों से कहा कि जन भावना व उनकी समस्याओं के देखते हुए बूचड़खाना को यहां से हटाया जाए और अन्य जगहों पर विचार किया जाए। आदमपुर क्षेत्र की जनता ने दिल से दिग्विजय सिंह का आभार माना और उन्हें बताया कि हमने तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, तत्कालीन बीजेपी सांसद आलोक संजर, महापौर आलोक शर्मा व हुज़ूर विधायक रामेश्वर शर्मा से कई बार गुहार की लेकिन उन्होंने अनसुना कर दिया। जनता ने कहा कि वे उनका आभार मानते हैं कि सिर्फ एक बार इस बारे में जानकारी देने पर उन्होंने त्वरित कार्यवाही करते हुए मंत्री को पत्र लिखकर असली हिन्दू होने का प्रमाण दिखाया।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने जनता की मांग और धार्मिक क्षेत्र को दृष्टिगत रखते हुए तत्काल घोषणा की कि आदमपुर छावनी में बूचड़खाना नही बनेगा बल्कि क्षेत्र में गौशाला का निर्माण होगा।

इसके बाद दिग्विजय सिंह कंकाली मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने विधि विधान से माता की पूजा अर्चना की। कंकाली मंदिर ट्रस्ट ने चुनरी ओढ़ाकर दिग्विजय सिंह का सम्मान किया।

इस अवसर पर काँग्रेस जिला अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव, नरेश ज्ञानचंदानी, पूर्व विधायक मन्नू डागा, अवनीश भार्गव, जिला पंचायत अध्यक्ष मनमोहन नागर, विक्रम सिंह चौहान, रमेश यादव, संदीप शर्मा, रविन्द्र साहू, ललित सेन, गजेंद्र गर्ग, पड़रिया सरपंच सुरेश इंदौरिया, नेक नारायण सिंह, पूर्व सरपंच दुलार सिंह, विवेक सोनी, केवल सिंह, विजय सिंह, यशवंत सिंह सहित आस पास के सैकड़ों ग्रामीण जन उपस्थित थे।

1217 views