प्याज-टमाटर की महंगाई से शाकाहारी थाली 5% महंगी*
घर में बनने वाली आम आदमी की थाली जून महीने में महंगी हो गई है। क्रिसिल की रोटी-राइस-रेट रिपोर्ट के अनुसार, टमाटर, प्याज, खाद्य तेल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण शाकाहारी थाली सालाना आधार पर 5 फीसदी और मांसाहारी थाली 6 फीसदी महंगी हो गई है। वहीं मासिक आधार पर शाकाहारी थाली की कीमत में 4 फीसदी और मांसाहारी थाली में 3 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, कम बुवाई के चलते टमाटर की कीमतें पिछले एक वर्ष में 31 फीसदी तक बढ़ गई हैं। वहीं खाद्य तेल और रसोई गैस के दामों में भी 10-10 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्याज की कीमतों में भी सालाना आधार पर इजाफा हुआ है। हालांकि, नई रबी फसल बाजार में आने से आलू की कीमतों में 14 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जिससे खाने-पीने की वस्तुओं की लागत में हुई बढ़ोतरी की आंशिक भरपाई हुई है। फिर भी रसोई का बजट पहले की तुलना में अधिक प्रभावित हुआ है।






