टीम इंडिया में रिंकू सिंह की वापसी, अलीगढ़ में जश्न का माहौल*
भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज रिंकू सिंह का जिम्बाब्वे दौरे के लिए राष्ट्रीय टीम में चयन होने पर उनके प्रशंसकों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। लंबे समय बाद टीम इंडिया में वापसी करने वाले रिंकू के चयन को उनकी मेहनत, धैर्य और लगातार अच्छे प्रदर्शन का परिणाम माना जा रहा है। अलीगढ़ स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव इंजी. फसाहत अली ने रिंकू सिंह की टीम में वापसी का स्वागत करते हुए कहा कि अंतिम ओवरों में दबाव के बीच मैच फिनिश करने की क्षमता रिंकू की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि ऐसे बल्लेबाज बहुत कम देखने को मिलते हैं। रिंकू सिंह के प्रशिक्षक मसूदुज्जफर अमीनी ने कहा कि उन्हें पहले से विश्वास था कि रिंकू जल्द ही भारतीय टीम में वापसी करेंगे। उन्होंने कहा कि यह चयन केवल रिंकू सिंह की उपलब्धि नहीं, बल्कि अलीगढ़ और उत्तर प्रदेश के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।






