7.8% की विकास दर पर पीएम मोदी ने जताई खुशी, बोले- भारत की रफ्तार जारी*
भारत की 7.8 प्रतिशत आर्थिक विकास दर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी। सोशल मीडिया पर साझा वीडियो में पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध और संकट के बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय देशवासियों की सामूहिक शक्ति, संकल्प और मेहनत को दिया। पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के कई हिस्से युद्ध और संकट से प्रभावित हैं और वैश्विक सप्लाई चेन पर भी इसका असर पड़ा है। इसके बावजूद भारत ने विकास की रफ्तार बनाए रखी है। उन्होंने आर्थिक गति को आगे भी बरकरार रखने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने लोगों से मेड इन इंडिया उत्पादों को अपनाने और अनावश्यक रूप से विदेशों में खर्च करने से बचने की सलाह दी। जरूरत न होने पर सोना खरीदने से बचने की बात भी कही। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि देश की युवा शक्ति और 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक प्रयास भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।






