*नेशनल चैंपियन हारमनी जैन का गरिमामय समारोह में सम्मान*


गोल्ड और कांस्य पदक जीतकर हार्मनी ने बढ़ाया इंदौर का गौरव, एशियन गेम्स और ओलंपिक में पदक जीतने की जताई उम्मीद
इंदौर। स्विमिंग में गोल्ड और कांस्य पदक जीतकर नेशनल चैंपियन बनीं 13 वर्षीय प्रतिभाशाली तैराक हारमनी जैन को एक गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. अरुण अग्रवाल एवं विजय सोनी ने हारमनी को सम्मान पत्र एवं उपहार प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
डॉ. अरुण अग्रवाल ने कहा कि “मछली-सी गति से तैरकर हारमनी जैन ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है और इंदौर का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि शहर एवं प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।”
विजय सोनी ने हारमनी की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि “यदि हारमनी को नियमित और उच्चस्तरीय कोचिंग तथा उचित मार्गदर्शन मिलता रहे, तो वह भविष्य में एशियन गेम्स और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पदक जीतने की क्षमता रखती हैं।”
इस अवसर पर विजया सेठी ने हारमनी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। धीरेंद्र दवे एवं मनोज दवे ने भी हारमनी की उपलब्धि की सराहना की। समारोह में विनीत सेठिया, ललिता सिंह और रिचा तिवारी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।
हारमनी जैन की यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
335 views





