कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा कर रही : सीएम योगी

कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा कर रही : सीएम योगी*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे देश में अव्यवस्था और अराजकता फैलाने के साथ संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अपनी साख खो चुके हैं और जनता उनके व्यवहार को देख रही है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत में सीएम योगी ने कहा कि चुनाव जीतने पर कांग्रेस अपनी उपलब्धि बताती है, जबकि हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग को दोषी ठहराती है। उन्होंने आरोप लगाया कि न्यायालय के फैसलों पर भी सवाल उठाकर संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करने का प्रयास किया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने 1985 के बाद कांग्रेस को सत्ता में लौटने का अवसर नहीं दिया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से अपने नेतृत्व में बदलाव करने और जनता का विश्वास हासिल करने की दिशा में काम करने की अपील की। योगी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को अराजकता फैलाने तथा युवाओं को गुमराह करने के बजाय मुद्दों पर चर्चा कर स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा बनना चाहिए। सीएम योगी ने चेतावनी दी कि जनता लंबे समय तक ऐसे व्यवहार को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने अपने कथित असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक कृत्य बंद नहीं किए, तो उन्हें अपना बचा हुआ जनाधार भी गंवाना पड़ सकता है।

134 views