मोदी सरकार का वक्त खत्म, नए उत्तराधिकारी की खोज जारी’ : राहुल गांधी*
कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने कहा कि मोदी का राजनीतिक दौर अब अंतिम चरण में है और उनके उत्तराधिकारी की तलाश शुरू हो चुकी है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से सरकार के खिलाफ और आक्रामक तरीके से आगे बढ़ने की अपील की।दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में हुई बैठक में देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और पार्टी की रणनीति पर चर्चा हुई। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को बैकफुट पर बताते हुए कांग्रेस नेताओं से जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने युवाओं की शिक्षा और रोजगार की स्थिति को लेकर सवाल उठाए और शिक्षा से रोजगार तक स्पष्ट एवं समयबद्ध रोडमैप की मांग की। खरगे ने राम मंदिर ट्रस्ट को मिले चढ़ावे के हिसाब-किताब और सीमाओं से जुड़े मुद्दों पर भी सवाल उठाए। हालांकि, राहुल गांधी की ओर से मोदी सरकार के अंतिम दौर और उत्तराधिकारी की तलाश को लेकर किया गया दावा राजनीतिक आकलन है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।






