20 जुलाई तक जिंदा रहूंगा, वरना भूत बनकर लौटूंगा’—20वें दिन भी अनशन पर सोनम वांगचुक*
नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों के विरोध में जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन के बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल शुक्रवार को 20वें दिन में पहुंच गई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर चल रहे इस आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने वांगचुक से मुलाकात की। डॉक्टरों के अनुसार, लंबे समय से भोजन न करने के कारण वांगचुक का वजन नौ किलोग्राम से अधिक घट चुका है और उनका रक्तचाप भी कम हो रहा है। चिकित्सकों ने चेतावनी दी है कि अब लंबे उपवास का असर शरीर के अंगों पर पड़ने की आशंका बढ़ रही है। इस बीच, वांगचुक ने कहा कि वह 20 जुलाई तक आंदोलन जारी रखेंगे और संसद तक प्रस्तावित मार्च में शामिल होने का प्रयास करेंगे। आंदोलनकारी संगठन ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक शांतिपूर्ण मार्च निकालने की घोषणा की है।






