एम्स और एयरपोर्ट नहीं, टीकाकरण से मजबूत बनेगा देश’: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल*
दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मानव पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान में शामिल छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित किए। प्रमाणपत्र पाने वाली छात्राओं में माधुरी शर्मा, संध्या, दीपिका, तानिया, छाया, काव्या, नेहा, अंशिका, प्राची और डॉली शामिल रहीं। इस अवसर पर कुल 55 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया गया। राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल एम्स और एयरपोर्ट बनाने से नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य और व्यापक टीकाकरण से साकार होगा। उन्होंने बताया कि एचपीवी टीका गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव का प्रभावी और सुरक्षित माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं और इस जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें। साथ ही छात्राओं से भी आग्रह किया कि वे अपनी सहेलियों को इस टीके के प्रति जागरूक करें और उन्हें भी टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।






