भारत की आत्मा सनातन में, और सनातन की आत्मा राम हैं’: सीएम योगी*
अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि भारत की आत्मा सनातन धर्म में बसती है और सनातन की आत्मा भगवान राम हैं। उन्होंने प्रयागराज में यमुना किनारे काली घाट के पास नवनिर्मित प्रेरणा पार्क का लोकार्पण किया तथा श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरों में रहे अशोक सिंघल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन हिंदुत्व और राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन देश का सबसे बड़ा सांस्कृतिक आंदोलन था और 1980-90 के दशक में “रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे” का नारा पूरे देश में गूंजता था। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अखंड भारत के स्वप्नदृष्टा थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों से जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार किया गया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने प्रयागराज मेला प्राधिकरण में लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा भी की।






