राम मंदिर चढ़ावा विवाद: चारों शंकराचार्यों से हस्तक्षेप की मांग, अयोध्या आने का आग्रह

राम मंदिर चढ़ावा विवाद: चारों शंकराचार्यों से हस्तक्षेप की मांग, अयोध्या आने का आग्रह*
अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दानपेटिका से धन में अनियमितता के आरोपों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने इस मामले में चारों शंकराचार्यों को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है। शरद शुक्ला ने शंकराचार्यों से अयोध्या आकर संत समाज और स्थानीय लोगों से संवाद करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मार्गदर्शन देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं का दान केवल धन नहीं, बल्कि आस्था और विश्वास का प्रतीक है, ऐसे में किसी भी प्रकार की अनियमितता करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है। इसी बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता ने भी मामले को लेकर सरकार और राम मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईटी जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता पर प्रश्न उठते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों पर आरोप लगे हैं, उनके खिलाफ अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज डिलीट होने और कथित चोरी के मामलों की निष्पक्ष जांच व जवाबदेही तय करने की मांग की गई है। फिलहाल यह मामला राजनीतिक और धार्मिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

0 views