दुनिया का बाजार नहीं, आत्मनिर्भर भारत हमारी ताकत’ : पीएम मोदी*
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोलकाता पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय नौसेना में शामिल किए गए तीन अत्याधुनिक पोतों—आईएनएस अग्रय, आईएनएस दुनागिरी और आईएनएस संशोधक—को नए भारत की बढ़ती ताकत और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भारत अब रक्षा क्षेत्र में केवल खरीददार नहीं, बल्कि निर्माता और निर्यातक बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये तीनों पोत भारत में डिजाइन और निर्मित किए गए हैं, जो देश के उद्योगों, इंजीनियरों और श्रमिकों की क्षमता का प्रमाण हैं। उन्होंने विशेष रूप से आईएनएस संशोधक को भारत का सबसे उन्नत हाइड्रोग्राफी जहाज बताया। पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी देश की आर्थिक और सामरिक शक्ति उसकी समुद्री क्षमता पर निर्भर करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की ताकत दुनिया का बाजार बनने में नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने में है। प्रधानमंत्री ने बंगाल की ऐतिहासिक समुद्री विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित और सुरक्षित भारत के निर्माण में समुद्री शक्ति की भूमिका लगातार बढ़ रही है






