डॉ विनीता कोठारी का नाम स्वर्णिम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में शामिल

*डॉ विनीता कोठारी का नाम स्वर्णिम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में शामिल*
*521000 नागरिकों की स्क्रीनिंग कर बनाया रिकॉर्ड*

इंदौर।
सामुदायिक स्वास्थ्य, जनजागरूकता एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. विनीता कोठारी का नाम “स्वर्णिम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स” में “वैश्विक सामुदायिक स्वास्थ्य उपलब्धि श्रेणी” में अभिलिखित किया गया है। इस अवसर पर उन्हें रिकॉर्ड सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

यह सम्मान डॉ. कोठारी द्वारा स्वास्थ्य एवं वेलनेस के क्षेत्र में किए गए असाधारण कार्यों, नवाचारों तथा समाज पर पड़े व्यापक प्रभाव को मान्यता देते हुए प्रदान किया गया। उनके नेतृत्व में पिछले पाँच वर्षों में 5 लाख 21 हजार से अधिक नागरिकों की लाइफस्टाइल डिजीज के लिए 8 या उससे अधिक स्वास्थ्य मानकों पर स्क्रीनिंग की गई, जो अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

इसके अतिरिक्त, किसी एक शहर में सर्वाधिक प्रतिशत जनसंख्या की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग का रिकॉर्ड स्थापित करने, मात्र दो दिनों में 50 हजार युवाओं की स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग करने तथा इंदौर में उच्च गुणवत्ता वाली एवं किफायती दरों पर कॉर्पोरेट स्तर की प्रयोगशाला सेवाओं का मॉडल विकसित करने जैसे कार्यों को विशेष रूप से सराहा गया। यह मॉडल सामुदायिक सहभागिता, सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं और स्थायी स्वास्थ्य प्रबंधन की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल माना गया है।

कुलभूषण मित्तल, स्वर्णिम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के प्रेसिडेंट विवेक जैन एवं शारदा जैन ने डॉ. विनीता कोठारी को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. कोठारी का समर्पण, नवाचार और निरंतर समाजसेवा स्वास्थ्य क्षेत्र में परिवर्तनकारी कार्यों का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनके प्रयासों ने न केवल स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा दिया है, बल्कि सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए मानदंड भी स्थापित किए हैं।

डॉ. विनीता कोठारी ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी समाज के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।

1206 views