पीएम मोदी की कैबिनेट बैठक आज, अहम मुद्दों पर चर्चा की संभावना*
पांच देशों के दौरे से लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह इस वर्ष की पहली पूर्ण कैबिनेट बैठक मानी जा रही है, जिसमें सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और अन्य राज्य मंत्री शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार, बैठक में विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज, पिछले निर्णयों के परिणाम और भविष्य की योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। कैबिनेट फेरबदल को लेकर चल रही अटकलों के बीच यह बैठक राजनीतिक रूप से भी अहम मानी जा रही है। प्रधानमंत्री बैठक में ऊर्जा, कृषि, उर्वरक, विमानन, शिपिंग और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे सकते हैं। इसके अलावा पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और उसके आर्थिक प्रभावों पर भी चर्चा होने की संभावना है, ताकि नागरिकों को कम से कम असुविधा हो। सरकार की प्राथमिकता आम जनता तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने और प्रशासनिक सुधारों को तेज करने पर भी केंद्रित रहेगी।






