G7 सम्मेलन में हो सकती है मोदी-ट्रंप की अहम मुलाकात, दुनिया की नजरें टिकीं*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले महीने फ्रांस में होने वाले G7 शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात कर सकते हैं। यदि यह बैठक होती है तो दोनों नेताओं की करीब 16 महीने बाद आमने-सामने बातचीत होगी। फ्रांस के एवियन-लेस-बैंस में 15 से 17 जून तक आयोजित होने वाले G7 सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने विशेष आमंत्रण दिया है। भारत G7 का सदस्य नहीं है, लेकिन वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण भागीदार देश होने के कारण उसे सम्मेलन में बुलाया गया है। फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री मोदी की भागीदारी की पुष्टि की है। इसी बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर और फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट के बीच भी बैठक हुई, जिसमें वैश्विक अर्थव्यवस्था, पश्चिम एशिया की स्थिति और समुद्री सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। वहीं अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार डोनाल्ड ट्रंप भी G7 सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, व्यापार, वैश्विक सुरक्षा, अवैध प्रवासन और चीन पर निर्भरता कम करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। संभावित मोदी-ट्रंप मुलाकात को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी उत्सुकता बनी हुई है।






