हिमंत बिस्वा सरमा फिर संभालेंगे असम की कमान, 12 मई को शपथ ग्रहण; पीएम मोदी भी होंगे शामिल*
असम में एनडीए ने एक बार फिर सत्ता में वापसी करते हुए राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का दावा मजबूत कर लिया है। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने रविवार को हिमंत बिस्वा सरमा को असम का मुख्यमंत्री नियुक्त किया। वे 12 मई को शपथ लेंगे। इससे पहले सरमा को भाजपा विधायक दल का नेता सर्वसम्मति से चुना गया। यह चयन केंद्रीय पर्यवेक्षक जेपी नड्डा और सह-पर्यवेक्षक नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में हुआ। नेता चुने जाने के बाद उन्होंने एनडीए विधायकों के साथ राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश किया और समर्थन में 102 विधायकों के हस्ताक्षर वाला पत्र सौंपा। मुख्य सचिव द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 164(1) के तहत सरमा को मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। 126 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए ने 102 सीटें जीतकर मजबूत बहुमत हासिल किया है। इसमें भाजपा, एजीपी और बीपीएफ के विधायक शामिल हैं। सरमा ने कहा कि नई सरकार राज्य के सभी वर्गों के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।






