शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की ली शपथ, पीएम मोदी समेत कई दिग्गज रहे मौजूद

शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की ली शपथ, पीएम मोदी समेत कई दिग्गज रहे मौजूद*
भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शनिवार सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण की। कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और कई वरिष्ठ एनडीए नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। अनुमान लगाया गया कि कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोग शामिल हुए। शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री के साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तिनिया, खुदीराम टुडू और निशिथ घोष ने भी मंत्री पद की शपथ ली। समारोह शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी और शुभेंदु अधिकारी ने मंच पर रखी गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार से भी मुलाकात की और उनका अभिनंदन किया। पीएम मोदी ने शुभेंदु अधिकारी और नई सरकार के मंत्रिमंडल को बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

134 views