वंदे मातरम को मिलेगा राष्ट्रगान जैसा संरक्षण, अपमान पर तीन साल तक की सजा की तैयारी*
केंद्र सरकार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ को और सशक्त कानूनी संरक्षण देने की तैयारी में है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने एक प्रस्ताव को मंजूरी दी है, जिसके तहत ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के बराबर दर्जा देने और इसके अपमान को दंडनीय अपराध बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। प्रस्ताव के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति ‘वंदे मातरम’ का अपमान करता है या इसके गायन में व्यवधान डालता है, तो उसके खिलाफ वही कानूनी कार्रवाई हो सकती है जो राष्ट्रगान से जुड़े मामलों में लागू होती है। ऐसे मामलों में तीन साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों का प्रावधान किया जा सकता है। सरकार का कहना है कि यह फैसला राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को और मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है। हाल ही में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी। सरकार के इस कदम को देशभक्ति और राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर अहम माना जा रहा है। हालांकि, प्रस्ताव को कानून का रूप देने के लिए आगे विधायी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।






