राहुल गांधी ने बंगाल-असम चुनाव परिणामों पर उठाए सवाल, जनादेश चोरी का लगाया आरोप*
कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इन परिणामों को “जनादेश की चोरी” करार देते हुए कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने की दिशा में बड़ा कदम है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कहा कि कुछ लोग आल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की हार पर खुशी मना रहे हैं, लेकिन उन्हें समझना चाहिए कि यह किसी एक पार्टी की हार-जीत का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र से जुड़ा सवाल है। उन्होंने अपील की कि छोटी राजनीति से ऊपर उठकर इस मुद्दे को गंभीरता से देखा जाए। इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी और सीटों की “लूट” का आरोप लगाया था। राहुल गांधी ने उनके दावों का समर्थन करते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया में खामियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है।






