7 मई से डिजिटल जनगणना शुरू, 21 मई तक घर बैठे भरें ऑनलाइन फॉर्म

7 मई से डिजिटल जनगणना शुरू, 21 मई तक घर बैठे भरें ऑनलाइन फॉर्म*
प्रदेश में गुरुवार से जनगणना-2027 की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। पहली बार यह जनगणना डिजिटल माध्यम से की जा रही है, जिसमें 7 मई से नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा दी गई है। इसके तहत लोग घर बैठे ऑनलाइन जनगणना फॉर्म भर सकेंगे। इस प्रक्रिया में ‘एच’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की एसई-आईडी सबसे अहम होगी। यह ओटीपी नहीं बल्कि दर्ज जानकारी के सत्यापन की मुख्य कुंजी है, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। इसे 22 मई से घर-घर पहुंचने वाले गणनाकर्मियों के साथ साझा करना होगा। स्व-गणना का विकल्प 21 मई तक उपलब्ध रहेगा। जो लोग इस अवधि में ऑनलाइन विवरण नहीं भर पाएंगे, वे 22 मई से गणनाकर्मियों को जानकारी दे सकेंगे। जनगणना में भाग लेना सभी के लिए अनिवार्य है। स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल पर मोबाइल नंबर और नाम के जरिए पंजीकरण करना होगा, इसके बाद ओटीपी सत्यापन, पता दर्ज करना और मानचित्र पर घर चिन्हित कर 33 सवालों की प्रश्नावली भरनी होगी। फॉर्म जमा करने पर एसई-आईडी प्राप्त होगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें। यह नागरिकता का प्रमाण नहीं, बल्कि विकास योजनाओं की आधारशिला है। साथ ही गणनाकर्मी का पहचान पत्र जांचने और अपनी जानकारी सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

737 views