दिल्ली के विवेक विहार में भीषण आग: तीन मंजिलों पर मिले शव, नौ की मौत, कई कंकाल में तब्दील*
विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई। आग की सूचना सुबह करीब 3:48 बजे मिली, जिसके बाद दमकल, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग ने इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। बचाव अभियान के दौरान 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें से दो घायल को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। करीब 12 दमकल गाड़ियों की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मौके से अलग-अलग मंजिलों से नौ जले हुए शव बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान के लिए डीएनए जांच की जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है, हालांकि शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।






