सुरीले भजनों और फाग गीतों पर जमकर झूमे चिकित्सक
आईएमए की इंदौर शाखा ने किया था फाग उत्सव और भजन संध्या का आयोजन।
इंदौर : हरसमय मरीजों के इलाज में मसरूफ रहने वाले डॉक्टर्स रविवार शाम कुछ अलग ही अंदाज में नजर आए। उमंग और उल्लास भरे माहौल में मंच से पेश किए जा रहे फाग गीतों पर अपने कदम थिरकाते डॉक्टरों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मौका था इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की इंदौर शाखा द्वारा आयोजित फाग उत्सव और भजन संध्या का। एमओजी लाइन स्थित आईएमए परिसर में सम्पन्न हुए इस उत्सव में भजन गायक सुधीर व्यास ने सुरीले भजन और फाग गीतों से ऐसा समां बांधा कि समूचा माहौल भक्तिमय उल्लास से सराबोर हो उठा। परिवार सहित इस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे चिकित्सक सुमधुर भजनों और फाग गीतों पर थिरकने से अपने आपको नहीं रोक सकें। महिला हो या पुरुष चिकित्सक सभी इस खुशी भरे माहौल का लुत्फ ले रहे थे।
आईएमए पदाधिकारियों के अनुसार लगभग 400 चिकित्सकों ने परिवार सहित इस कार्यक्रम का आनंद लिया। सभी आगंतुक मेहमानों का स्वागत तिलक लगाकर किया गया। हमेशा मरीजों की देखभाल में जुटे रहने वाले चिकित्सकों के लिए यह कार्यक्रम यादगार सौगात बन गया।
कार्यक्रम में आईएमए के कोषाध्यक्ष डॉ. रवि वानखेड़े की उपस्थिति विशेष उल्लेखनीय रही।इसके अलावा आईएमए इंदौर के अध्यक्ष डॉ. वल्लभ मूंदड़ा, सचिव डॉ. सुनील बांठिया, उपाध्यक्ष डॉ. सौरभ मालवीय और डॉ. सुनीता हरलालका, क्लिनिकल सचिव डॉ.रवि डोसी, सह सचिव डॉ.राजकुमार सिसोदिया और डॉ. जितेंद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष डॉ.प्रमोद कुमार जैन, डॉ.रुपेश मोदी, डॉ. राकेश जैन और डॉ. हेमेंद्र सिंह खींची सहित सैकड़ों चिकित्सकगण कार्यक्रम में शामिल हुए।
2010 views





