*मस्जिदों पर लगे ऊँचे लाउडस्पीकर हटाने की मांग*
*महापौर ने कलेक्टर से की चर्चा, परीक्षा काल में ध्वनि प्रदूषण को लेकर बढ़ी शिकायतें*
इंदौर।शहर में ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कलेक्टर द्वारा बड़े डीजे और लाउडस्पीकर पर लगाई गई रोक के बाद अब मस्जिदों की ऊँची मीनारों पर लगे लाउडस्पीकरों को लेकर भी कार्रवाई की मांग उठी है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस संबंध में कलेक्टर से चर्चा करते हुए कहा कि शहर के कई वार्डों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जिनमें बताया गया है कि अत्यधिक ऊँचाई पर लगे स्पीकरों से आसपास के क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा है।
*परीक्षा काल में बढ़ रही परेशानी, छात्रों पर असर*
महापौर ने बताया कि पूरे वर्ष शहर में प्रतियोगी परीक्षाएँ और स्कूल परीक्षाएँ चलती रहती हैं। ऐसे में ध्वनि प्रदूषण के कारण छात्रों की तैयारी प्रभावित होती है
बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी परेशानी होती है उन्होंने कहा कि यदि डीजे और अन्य ध्वनि उपकरणों पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है, तो धार्मिक स्थलों पर लगे ऊँचे लाउडस्पीकरों के संदर्भ में भी उसी तर्ज पर कार्रवाई होनी चाहिए।
*कई वार्डों से शिकायतें*
*वार्ड 72, 41 और 48 मुख्य रूप से प्रभावित* महापौर ने बताया कि उन्हें वार्ड 72 (लोकमान्य नगर), वार्ड 41 और वार्ड 48 के निवासियों से ध्वनि प्रदूषण को लेकर अधिक शिकायतें मिली हैं। लोगों का कहना है कि मीनारों पर लगे ऊँचे लाउडस्पीकरों की आवाज़ पूरे क्षेत्र में फैलती है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित होता है।
*राज्य सरकार ने पहले भी दिए थे निर्देश*
महापौर ने याद दिलाया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश पर राज्य स्तर पर इस विषय में पहले भी निर्देश जारी हो चुके हैं और कार्रवाई भी की गई थी। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे लाउडस्पीकर दोबारा लगाए गए हैं, तो प्रशासन को एक बार फिर विस्तृत जांच करनी चाहिए।
महापौर ने कहा
“जैसे बड़े डीजे और लाउडस्पीकर पर नियंत्रण के लिए कार्रवाई की जा रही है, वैसे ही ऊँची मीनारों पर लगे लाउडस्पीकरों पर भी नियमों के अनुरूप कदम उठाए जाएँ। मैंने इस मुद्दे पर कलेक्टर को अवगत कराया है और जल्द कार्रवाई की अपेक्षा की है।






