पीएम मोदी ने पिपरहवा अवशेषों की अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, बोले— “भगवान बुद्ध सबके हैं, सबको जोड़ते हैं*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भगवान बुद्ध से जुड़े पवित्र पिपरहवा अवशेषों की अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन अवशेषों के दर्शन पाकर वे धन्य हैं और यह देश के लिए गर्व का क्षण है। पीएम मोदी ने कहा कि करीब सवा सौ साल बाद भारत की यह अनमोल धरोहर लौटी है। अब लोग भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन कर सकते हैं और उनसे आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान बुद्ध का ज्ञान और उनका मार्ग पूरी मानवता के लिए है और यह लोगों को जोड़ता है। प्रधानमंत्री ने अपने जन्मस्थान वडनगर और सारनाथ का स्मरण करते हुए बताया कि भारत न केवल इन अवशेषों का संरक्षक है, बल्कि बुद्ध की परंपरा और उनके संदेश का जीवंत वाहक भी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इन पवित्र अवशेषों का आदर करें और उनके संदेश को जीवन में अपनाएं।






