भाजपा सरकारों ने देश में सुशासन का एक नया मॉडल दिया : मोदी*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा-एनडीए सरकारों ने देश में सुशासन का नया मॉडल दिया है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वह लोगों और व्यापारियों के बीच जागरूकता फैलाकर सुनिश्चित करें कि अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों का लाभआम नागरिकों तक पहुंचे। पीएम मोदी सोमवार को यहां दिल्ली भाजपा के दफ्तर का उद्घाटन करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए इसका हर दफ्तर किसी देवालय से कम महत्वपूर्ण नहीं है। कार्यालय पार्टी को जमीनी स्तर और लोगों की आकांक्षाओं से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा, भाजपा सत्ता के लिए नहीं, बल्कि सेवा के लिए सरकार में है और कार्यालय इस भावना को जीवित रखते हैं। हम विकास भी, विरासत भी के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हमने देश व लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी, देश को घोटालों से मुक्त किया, भ्रष्टाचार से निर्णायक लड़ाई का विश्वास दिलाया। हमारी सरकारों ने आम लोगों की बचत बढ़ाने पर ध्यान दिया।






