*”एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण*
*केंद्रीय मंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री द्वारा नायता मुंडला क्षेत्र में पौधारोपण*
*पेड़ धरती मां का श्रृंगार है – पेड़ से हमें विनम्रता सीखने को मिलती है – केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल*
*इंदौर में 5100 पौधों के साथ ‘मां की बगिया’ के तहत पौधारोपण*
इंदौर, 23 अगस्त 2025
नया आरटीओ भवन नायता मुंडला में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत शनिवार को गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल,नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, क्षेत्रीय विधायक श्री मधु वर्मा एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की विशेष उपस्थिति में पौधारोपण किया गया।
केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि हाल ही में संसद का मानसून सत्र सम्पन्न हुआ और उसके उपरांत उनका यह पहला सार्वजनिक कार्यक्रम इंदौर में हो रहा है। उन्होंने कहा कि संसद में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर सार्थक चर्चा हुई थी और उसी भाव के साथ यहां आकर उन्होंने सिंदूर का पौधा लगाना अपने लिए सौभाग्य की बात बताया।
केन्द्रीय मंत्री श्री मेघवाल ने वृक्षों को धरती मां का श्रृंगार बताते हुए कहा कि वृक्ष हमें विनम्रता सिखाते हैं। उन्होंने संत कबीरदास जी के दोहों का उल्लेख करते हुए कहा कि पेड़ पर पत्थर फेंकने पर भी वह फल देता है और पानी देने पर भी कोई अपेक्षा नहीं रखता है। वृक्ष सभी को समान रूप से फल, छाया एवं ऑक्सीजन देते हैं, इसलिए हमें अधिक से अधिक पौधे लगाना चाहिए। यह पर्यावरण संरक्षण का सर्वोत्तम उदाहरण है।
इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने सम्बोधन में कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” संकल्पना को मूर्त रूप देने के लिए इंदौर ने विगत वर्ष शहरवासियों के सहयोग से वृहद पौधारोपण कर लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस अभियान के अंतर्गत गृह मंत्री श्री अमित शाह की उपस्थिति में रेवती रेंज पहाड़ी पर एक ही दिन में 12 लाख 41 हजार पौधों का रोपण कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में इंदौर का नाम दर्ज कराया गया था। मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इस वर्ष भी इंदौर में 51 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया है। अब तक शहर के विभिन्न स्थानों पर “मां की बगिया” के रूप में लगभग 5 लाख फलदार एवं छायादार पौधे लगाए जा चुके हैं।
इस अवसर पर विधायक श्री मधु वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि उनके अथक प्रयासों से पिछले वर्ष इस क्षेत्र की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर वहां 10 हजार पौधों का सफल रोपण किया गया था। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से यह अभियान जनआंदोलन के रूप में परिणत हो रहा है और आने वाले समय में यह क्षेत्र हरा-भरा बनकर इंदौर की पर्यावरणीय धरोहर बनेगा।
कार्यक्रम में विधायक श्री रमेश मेंदोला,श्री सुमित मिश्र, महापौर परिषद सदस्य श्री राजेंद्र राठौर, श्री अभिषेक शर्मा बबलू, श्री अश्विनी शुक्ल, श्री मनीष शर्मा मामा, श्री हरि नारायण यादव, बड़ी संख्या में नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, नगर निगम अधिकारी एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर हरित इंदौर की दिशा में अपना योगदान सुनिश्चित किया।कार्यक्रम के दौरान 5100 पौधारोपण के साथ “एक पेड़ मां के नाम” उद्यान तथा “मां की बगिया” की शुरुआत की गई। आगामी दिनों में यहां लगभग 11 हजार फलदार एवं पौधों का रोपण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र को हरियाली से आच्छादित कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सशक्त पहल होगी।






