*इंदौर में पूर्ण अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट की राह हुई आसान
, मल्टीलेयर पार्किंग भी बनेगी सांसद लालवानी की नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से अहम मुलाकात*
– *सांसद लालवानी ने सीएम से जमीन की मांग की थी*
– *एयरपोर्ट विस्तार के लिए जमीन की मांग की*
– *राज्य सरकार ने सैद्धांतिक सहमति दी*
– *इंदौर की जीडीपी डबल करने में एयरपोर्ट विस्तार की अहम भूमिका*
इंदौर में पूर्ण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का रास्ता साफ हो गया है। सांसद शंकर लालवानी ने नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजारापु राममोहन नायडू से इस संदर्भ में मुलाकात की और इंदौर को पूर्ण अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
लालवानी ने मंत्री से आग्रह किया कि इंदौर से नियमित अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत की जाए और इंदौर एयरपोर्ट को पूरी तरह अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के लिए तैयार किया जाए। इस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि यदि राज्य सरकार ज़मीन उपलब्ध कराती है, तो केंद्र सरकार इंदौर में एक पूर्ण अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट विकसित कर सकती है।
सांसद लालवानी ने मंत्री को अवगत कराया कि इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी चर्चा की है और उन्होंने इस पर सैद्धांतिक सहमति जताई है। केंद्रीय मंत्री ने भी बताया कि उनकी इस विषय पर मुख्यमंत्री से बात हो चुकी है और वे इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही कर रहे हैं।
सांसद शंकर लालवानी वर्ष 2030 तक इंदौर की जीडीपी दोगुना करने की दिशा में काम कर रहे हैं और इस योजना में एयरपोर्ट विस्तार की अहम भूमिका होगी। ऐसे कई उदाहरण है जहां एयरपोर्ट सुविधाओं के विस्तार के बाद शहरों की अर्थव्यवस्था बहुत तेजी से विकसित हुई है और पूरे क्षेत्र की कायापलट हुई है।
साथ ही, इस बैठक के दौरान सांसद लालवानी ने इंदौर एयरपोर्ट पर लगातार बढ़ती पार्किंग समस्या की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर पार्किंग की कमी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर मंत्री नायडू ने मल्टीलेवल पार्किंग बनाने के प्रस्ताव को तुरंत सहमति दी और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
सांसद लालवानी इंदौर की राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर लगातार कार्य कर रहे हैं। बीते कुछ वर्षों में उनके प्रयासों से इंदौर को नई उड़ानों, बेहतर हवाई सुविधाओं और एयर कार्गो हब जैसे कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की सौगात मिली है।
अब जब इंदौर देश का सबसे साफ़ शहर होने के साथ-साथ एक प्रमुख निवेश और टूरिज्म डेस्टिनेशन बन रहा है, तो पूर्ण अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट की यह दिशा इंदौर की संभावनाओं को और गति देगी।
1608 views





