*इंदौर शहर में रिमझिम बारिश का दौर, अब तक 7 इंच से ज्यादा बरसे बादल, तालाबों का जलस्तर बढ़ा*
इंदौर. मंगलवार को हुई जोरदार बारिश के बाद से शहर में रिमझिम बारिश का दाैर बना हुआ है। बुधवार को हुई हल्की बारिश के बाद गुरुवार को रुक-रुककर बादल बरसते रहे। मौसम विभाग के अनुसार अब तक इंदौर में 7 इंच से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है।
गुरुवार को सुबह से ही आसमान पर बादलों का डेरा जमा रहा जो फुहारों के रूप में बरस रहा था। दोपहर के बाद से शहर के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में रुक-रुककर रिमझिम बारिश हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी मप्र के ऊपरी क्षेत्र में बना चक्रवाती हवा का घेरा हल्की बारिश करा रहा है। वैसे तो संभावना यह जताई गई थी कि इस सिस्टम से इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में जोरदार बारिश होगी लेकिन फिलहाल तो रिमझिम ही हो रही है। बुधवार रात भी मात्र 3 मिमी वर्षा ही दर्ज की गई। इस मौसम में अब तक 183.3 मिमी अर्थात 7 इंच से कुछ ज्यादा बारिश रेकॉर्ड की गई है। हालांकि बारिश से शहर के तालाबों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
इंदौर के तालाबों की स्थिति
नाम क्षमता (फीट) वर्तमान स्थिति
यशवंत सागर 19 10.2
बड़ा सिरपुर 16 6
छोटा सिरपुर 13 6.4
बड़ी बिलावली 34 7.10






